कुमाऊं विवि की ओर से अंतर महाविद्यालय सेपक टाकरा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिला व पुरुष वर्ग की टीम में सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज ने बाजी मारी। फरवरी के अंतिम सप्ताह में कुमाऊं विवि की टीम बरेली के रोहिलखंड विवि में होने वाली अखिल भारतीय अंतर विवि सेपक टाकरा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
रविवार को गल्ला मंडी स्थित राजीव गांधी बहुउद्देशीय बैडमिंटन हॉल में सेपक टाकरा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ब्लूमिंग डेल्स पब्लिक स्कूल के एमडी विजय गिरधर थे। कुमाऊं विवि के क्रीड़ाधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में महाविद्यालय रामनगर, डीएसबी कैंपस नैनीताल, राजकीय महाविद्यालय रुद्रपुर, पाल कॉलेज हल्द्वानी, एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी की टीमों ने प्रतिभाग किया। पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में डीएसबी कैंपस नैनीताल ने एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी को 2-0 से हराया, दूसरे मैच में रामनगर महाविद्यालय ने पाल कॉलेज हल्द्वानी को 2 -0 से हराया। तीसरे मैच में रुद्रपुर महाविद्यालय ने डीएसबी कैंपस नैनीताल को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला रुद्रपुर महाविद्यालय व रामनगर महाविद्यालय के बीच खेला गया। रुद्रपुर की टीम ने रामनगर को 2-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। महिला वर्ग के प्रथम मुकाबले में रामनगर महाविद्यालय ने एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रामनगर महाविद्यालय व रुद्रपुर महाविद्यालय के बीच खेला गया। इसमें रुद्रपुर की टीम ने रामनगर को 2-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहां पूर्व प्राचार्य प्रो. डीडी जोशी, अंकुश रौतेला, गौरव जोशी, मृणालिनी त्रिपाठी, राजेश कुमार, शिवम नेगी आदि थे।
लता मंगेशकर के निधन पर खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि
रुद्रपुर। संगीत जगत की सिरमौर स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान डॉ. शर्मा ने कहा कि लता मंगेशकर को भावी पीढ़ियां भारतीय संस्कृति की पुरोधा के रूप में याद रखेंगी। उनकी सुरीली आवाज में लोगों को मोहित करने की अद्वितीय क्षमता थी। वहां राजेश कुमार, रंजित मटियाली, श्याम मेवाड़ी, महेश बिष्ट, लोकेश पांडेय, आरपी भारती, इमरान सिद्दीकी आदि थे। संवाद