शक्तिफार्म में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते युवा।
- फोटो : SITARGANJ
रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सेवा और सितारगंज महाविद्यालय में परास्नातक कक्षाएं शुरू करने की मांग के लिए युवाओं ने नगर में प्रदर्शन किया। उन्होंने सुभाष चौक पर सांकेतिक धरना देकर राज्य सरकार का पुतला फूंका।
सोमवार शाम हाथ में तख्ती लिए हुए युवा स्वरोजगार योजना का लाभ दिलाने, पीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति करने, सिडकुल में 70 फीसदी स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और सितारगंज महाविद्यालय में परास्नातक की कक्षाएं संचालित करने की मांग कर रहे थे।
सुभाष चौक पर पहुंच युवाओं ने सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने कहा कि स्नातक की पढ़ाई के बाद परास्नातक के लिए दूसरे शहर जाने के लिए युवा मजबूर हैं। पीएचसी में कर्मियों की कमी के कारण मरीजों को फजीहत झेलनी पड़ती है। युवाओं ने मांगों का ज्ञापन नगर पंचायत ईओ एपी बेंजवाल को सौंपा। इस दौरान मिथुन पहाड़, राजा हालदार, अजय आर्य, मुकेश रावत, सुमिंदर यादव, अभिषेक सहानी, रमन जायसवाल, शिवा गौतम आदि थे। (संवाद)