रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू ने कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल माध्यम से सभी बीडीओ और चिकित्सा अधीक्षकों के साथ कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि छूटे लोगों की सूची बनाकर टीकाकरण करें। हर ब्लाक में प्रतिदिन आठ हजार से अधिक का वैक्सीनेशन होना चाहिए।
उन्होंने सीएमओ और एसीएमओ को फील्ड में जाकर वैक्सीनेशन की मॉनीटरिंग कर प्रतिदिन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कहा कि जो कर्मचारी वैक्सीनेशन कार्यों में हीलाहवाली कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्यवाही करें। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिए कि वे कम वैक्सीनेशन वाले क्षेत्र के ग्राम प्रधानों से छुटे हुए लोगों की सूची लेकर तत्काल उपलब्ध कराएं।
सीएमओ को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी, आशा को वैक्सीनेशन से छुटे हुए लोगों की लिस्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित करें। कहा कि यदि वैक्सीनेशन कार्य में कोई भी समस्या होती है तो वे संबंधित एसडीएम और सीडीओ को अवगत कराएं। वहां सीडीओ आशीष भटगांई, एडीएम जय भारत सिंह, एएसपी मिथलेश सिंह, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, डीडीओ डॉ. महेश कुमार, एसीएमओ डॉ. हरेन्द्र मलिक, डॉ. अविनाश खन्ना सहित अनेक मौजूद रहे।
वैक्सीनेशन के लिए दो मोबाइल वैन रवाना
रुद्रपुर। एडीएम नजूल जयभारत सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर से दो कोविड-19 वैक्सीनेशन मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि डाबर इंडिया और डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसाइटी के सहयोग से मिली एक-एक मोबाइल वैन से दिनेशपुर और फूलसुंगा क्षेत्र के छूटे हुए दिव्यांग, वृद्धजनों आदि लोगों को घर-घर जाकर वैक्सीन लगाई जाएगी। वहां एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, एएनएम दीपा जोशी, डाबर इंडिया के एचआर हेड अविनाश यादव, भारत भूषण चुघ, बबलू सागर आदि मौजूद रहे। (संवाद)