खटीमा में तहसील मुख्य गेट पर तहसीलदार यूसुफ अली का वाहन रोककर घेराव करतीं छात्राएं।
- फोटो : KHATIMA
वर्ष 2017 से नंदा गौरा कन्या धन योजना के लाभ से वंचित छात्राओं ने तहसील परिसर में हंगामा किया। इस दौरान छात्राओं ने तहसीलदार का वाहन रोककर उनका घेराव किया। बाद में तहसील का मुख्य द्वार बंद कर छात्राओं ने नंदा गौरा कन्या धन योजना की पांच हजार के बजाय 51 हजार रुपये राशि की मांग देने की।
वर्ष 2017 से नंदा गौरा कन्या धन योजना के लाभ से वंचित छात्राओं ने तहसील से निकल रहे तहसीलदार यूसुफ अली के वाहन को घेर लिया। तहसीलदार अली के समझाने का छात्राओं पर कोई असर नहीं हुआ। तहसीलदार ने नंदा गौरा कन्या धन योजना के मामले की जांच पड़ताल करने का आश्वासन दिया, लेकिन छात्राएं नहीं मानीं। बाद में तहसीलदार ने अस्पताल में किसी मरीज को देखने की बात कही, तब छात्राओं ने रास्ता छोड़ा।
आक्रोशित छात्राओं ने बाद में तहसील का मुख्य द्वार बंद कर वर्ष 2017 से लंबित नंदा गौरा कन्या धन योजना की रकम पांच हजार के बजाय 51 हजार दिलाने की मांग की। आक्रोशित छात्राओं ने पूर्ति निरीक्षक एचएस बुंगला सहित अन्य लोगों को आधे घंटे तक बंद रखा। बाद में छात्राओं ने मुख्य द्वार खोल दिया। घेराव करने वालों में पुष्पा, शिवानी राणा, कंचन वर्मा, निशा, नीमा, गीता, रेनू, प्रियंका, सोनी, पूनम, रेशमा, रोशन, नीतू आदि थे।