देहरादून के सबसे ज्यादा गोल्ड, यूएस नगर दूसरे पायदान पर
पांचवें राज्य ओलंपिक खेलों में प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में देहरादून जिला 74 गोल्ड के साथ पहले स्थान पर रहा। मेजबान ऊधमसिंह नगर 52 गोल्ड के साथ दूसरे तो नैनीताल तीसरे पायदान पर रहा। राज्य खेलों में उत्तरकाशी ही एकमात्र जिला रहा, जिसके खाते में स्वर्ण पदक नहीं गया।
प्रदेश के रुद्रपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, काशीपुर, हरिद्वार और देहरादून में 20 से 27 सितंबर तक राज्य ओलंपिक खेलों का आयोजन किया गया था। इनमें सबसे अधिक 23 प्रतियोगिताएं रुद्रपुर में आयोजित की गई थी। वॉलीबॉल, बाक्सिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी खेल का प्रदर्शन किया था।
प्रतियोगिताओं के समापन पर पदक तालिका में देहरादून पदक तालिका के शीर्ष पर रहा। वहीं उत्तरकाशी जिले को सबसे निचला स्थान मिला। उत्तराखंड पुलिस की पुरुष टीम को तीन रजत और दो कांस्य से संतोष करना पड़ा। साई उत्तराखंड की पुरुष रेसलिंग टीम तीन स्वर्ण सहित छह पदक जीतने में सफल रही।
बागेश्वर की बालिका टीम एक रजत से करना पड़ा संतोष
राज्य खेलों में बालक वर्ग में देहरादून ने 50 स्वर्ण, 28 रजत और 32 कांस्य पदक जीते। बालिका टीम ने 24 स्वर्ण, 18 रजत और 26 कांस्य पदक अपने नाम किए। ऊधमसिंह नगर ने बालक वर्ग में 31 स्वर्ण, 46 रजत और 31 कांस्य पदक हासिल किए तो बालिका टीम ने 21 स्वर्ण, 25 रजत और 22 कांस्य पदक जीते। उत्तरकाशी की टीम का सबसे खराब प्रदर्शन रहा। बालक वर्ग में केवल चार कांस्य पदक ही मिल सका जबकि बालिका वर्ग में एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल हो सका। बागेश्वर की बालिका टीम ने केवल एक रजत ही जीता। टिहरी की बालिका टीम केवल तीन रजत और चमोली की बालिका टीम चार रजत ही हासिल कर सकी। रुद्रप्रयाग की बालिका टीम को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक ही मिल सका।
राज्य खेल में मेडल की जिलावार आंकड़े--
जिला स्वर्ण रजत कांस्य
देहरादून 74 46 58
यूएस नगर 52 71 53
नैनीताल 33 37 57
हरिद्वार 35 29 23
चंपावत 10 05 03
पौड़ी 24 21 33
पिथौरागढ़ 13 07 17
अल्मोड़ा 07 06 09
बागेश्वर 03 09 05
टिहरी 09 03 14
चमोली 01 06 00
रुद्रप्रयाग 01 03 03
उत्तरकाशी 00 01 05
राज्य खेल में खेल की सूची
गोल्फ, कयाकिंग और कानोइंग, रोविंग, सेलिंग-याचिंग, साइक्लिंग, स्वीमिंग, माडर्न पेंटाथलॉन, स्क्वैस, ट्रायथलाॅन, हॉकी, टाईक्वांडो, फुटबॉल, जूडो, कबड्डी, वुशु, बॉस्केटबाल, बैडमिंटन, बाक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक, फेेंसिंग, टेनिस, रेसलिंग, आर्चरी, हैंडबाल, वॉलीबाल, खो-खो, रोलर स्केटिंग, बाॅलिंग, नेटबाल, शूटिंग।