प्रेम प्रसंग के चलते फंदे पर झूला युवक
काशीपुर में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने घर की दूसरी मंजिल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छत्तीसगढ़ हाल निवासी कुंडेश्वरी रोड स्थित पुराना एआरटीओ कार्यालय के पास निवासी दर्शन सिंह (20) पुत्र देव कुमार ने प्रेम प्रसंग के चलते घर के दूसरी मंजिल में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता देव कुमार ने बताया कि लगभग छह महीने पहले वह यहां पर अपनी पत्नी उत्तरा बाई, बेटी शालू, दामाद सुनील व बेटा दर्शन सिंह के साथ यहां मेहनत-मजदूरी करने आए हैं।
बताया कि वे द्रोणा माइनर नहर में चल रहे सड़क निर्माण के लिए मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार को सभी लोग काम पर चले गए थे। बेटा दर्शन ने कहा कि वह आज काम पर नहीं जाएगा। शाम को सभी लोग घर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा बंद था। पीछे के दरवाजे से अंदर गए तो देखा कि वह फंदे से झूल रहा है।
बताया कि काफी समय पहले वह लोग चेन्नई काम करने गए थे। वहीं पर किसी युवती से प्रेम प्रसंग हो गया था, लेकिन उन्होंने कभी उसका मोबाइल नहीं देखा और न ही कभी बात करते सुना। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने अपने प्रेम प्रसंग का जिक्र किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी अभय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।