रुद्रपुर कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन करते रजिस्ट्रार कानूनगो।
- फोटो : RUDRAPUR
रजिस्ट्रार कानूनगो के रिक्त पदों पर नियमावली के अनुसार तैनाती किए जाने समेत नौ सूत्री मांगों को लेकर उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ के पदाधिकारियों ने कार्य बहिष्कार कर कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एडीएम ललित नारायण मिश्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
सोमवार को रजिस्ट्रार कानूनगो संघ ने एक दिन का कार्य बहिष्कार किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शाहा ने बताया कि नायब तहसीलदार व सहायक भूलेख अधिकारी के पदों पर प्रोन्नति का न्याय संगत कोटा निर्धारित किया जाए। रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग में कंप्यूटर प्रशिक्षण स्टाफ की तैनाती की जाए। तहसील अभिलेखागार के लिए अनुसेवक की तैनाती की जाए।
कोविड-19 ड्यूटी के लिए रजिस्ट्रार कानूनगो को प्रोत्साहन राशि देने, एक माह का अतिरिक्त वेतन देने, भूलेख कंप्यूटर केंद्रों पर नियमित ऑपरेटरों की तैनाती करने समेत अन्य मांगें उठाईं। मांगों पर शासनादेश जारी नहीं किया गया तो एक नवंबर से बेमियादी हड़ताल शुरू कर देंगे। वहां महामंत्री लवकेश शर्मा, मोहन सिंह, पंकज कुमार, अकरम अली, मुकेश रावत, चंद्र पाल, हेमराज सिंह आदि थे।