नानकमत्ता में विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा का घेराव करते नाविक।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। नानकसागर जलाशय में पिछली तीन पीढ़ी से नाव चलाकर जीवन यापन करने वाले लोगों ने विधायक प्रेम सिंह राणा का घेराव कर जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स शुरू करने का विरोध किया। कहा कि मोटर बोट से उनके रोजगार पर असर पड़ेगा जिससे उनके सामने आजीविका की समस्या खड़ी हो जाएगी। रविवार को नानक सागर जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स शुरू होने पर 52 नाविकों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विधायक का घेराव किया। नाविकों ने विधायक से कहा कि उनकी तीन पीढ़ी नाव चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती आ रही है। नानकमत्ता साहिब में लगने वाले अमावस्या और दीपावली मेले में आने वाले पर्यटकों को नौकाविहार कराकर अपना परिवार पालते हैं। विधायक की ओर से नाव बंद कर और कोई रोजगार करने का सुझाव देने से नाविकों में रोष फैल गया। नाविकों ने बाऊली साहिब पर प्रदर्शन कर विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। 70 वर्ष के नाविक कश्मीर सिंह ने बताया कि 52 आदमियों को उत्तर प्रदेश सरकार से जलाशय में नाव चलाने का लाइसेंस प्राप्त है। उसका वह प्रतिवर्ष 500 रुपये शुल्क जमा करते हैं। इसकी रसीद उनके पास है। वहां नाव चालक संघ के अध्यक्ष शमशेर सिंह, महामंत्री स्वर्ण सिंह, कोषाध्यक्ष मक्खन सिंह, कश्मीर सिंह, अमरजीत सिंह, मलकीत सिंह, बलजिंदर सिंह, गुरनाम सिंह, चन्ना सिंह, मेहर सिंह आदि मौजूद थे।
लोगों ने उठाया मोटर बोट का लुत्फ
नानकमत्ता। टिहरी एडवेंचर एंड वाटर स्पोर्ट्स की ओर से नानकसागर जलाशय में दस दिवसीय वाटर स्पोर्ट्स का ट्रायल शुरू किया गया। प्रथम दिन सैकड़ों लोगों ने मोटर बोट पर जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स का आनंद लिया।
केंद्रीय पर्यटन और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नानकमत्ता साहिब को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग उठाई थी। इसी कड़ी में रविवार को नानकसागर जलाशय में टिहरी एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स संस्था की ओर से वाटर स्पोर्ट्स का ट्रायल शुरू किया गया। संस्था के एमडी वीरेंद्र नौटियाल ने बताया कि 14 सितंबर तक ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल के दौरान पर्यटक स्पीड बोट तथा मोटर बोट का आनंद ले सकेंगे। बताया कि गूलरभोज स्थित बौर जलाशय के अनुरूप ही 10 मिनट का 250 शुल्क निर्धारित किया गया। प्रथम दिन निशुल्क होने के चलते सैकड़ों लोगों ने मोटर बोट से जलाशय में पर्यटन करने का आनंद उठाया। वहां विधायक प्रेम सिंह राणा, जिला साहसिक खेल अधिकारी कीर्ति चंद आर्या, वरुण अग्रवाल, गुरजीत सिंह, मीनाक्षी मिश्रा, सभासद रंजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह राणा, पीयूष गुप्ता, हरजिंदर खालसा आदि थे। (संवाद)
यूपी सरकार से नहीं मिली है अनुमति
नानकमत्ता। जिला साहसिक खेल अधिकारी कीर्ति चंद आर्या ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार से नानक सागर जलाशय में साहसिक खेल वाटर स्पोर्ट्स प्रारंभ करने के लिए पत्राचार किया गया है। जलाशय में पानी का स्तर और मगरमच्छों को ध्यान में रखकर खेल संचालित किए जाएंगे। अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार से खेलों की अनुमति नहीं मिली है। (संवाद)
नानकमत्ता के नानक सागर जलाशय के बाऊली साहिब पर प्रदर्शन करते नाविक।- फोटो : SITARGANJ