अब 1930 पर दर्ज होगी साइबर मामलों की शिकायत
व्हाट्सएप नंबर से भी शिकायत की सुविधा, भेजने होंगे दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए विभाग ने एक नया हेल्पलाइन नंबर 1930 जारी किया है। हालांकि इससे पहले जारी हुआ 155260 नंबर अभी चालू रहेगा। इससे साइबर टीम किसी भी मामले में तुरंत कार्रवाई कर अपराधियों पर नकेल कस सकती है।
साइबर अपराधी लूट का सारा खेल फर्जी सिम व दूसरे जगहों पर लगे वाई फाई के माध्यम से करते हैं। एक फर्जी सिम से एक घटना को अंजाम देने के बाद तुरंत सिम बदल लेते हैं। वहीं एक जगह पर वाई फाई का उपयोग करने के बाद तुरंत उस जगह से अपनी लोकेशन बदल लेते हैं। ये मुख्यत: रोडवेज, रेलवे स्टेशन आदि सरकारी जगहों के वाईफाई का उपयोग करते हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं कि साइबर विभाग आईपी एड्रेस के माध्यम से उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सकें। साइबर के बढ़ते धन संबंधी मामलों को देखते हुए विभाग ने एक नया 1930 नंबर जारी किया है। 24 घंटे चालू इस नंबर में कॉल करके पीड़ित अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस नंबर में कॉल करने वाले पीड़ित को एक कोड दिया जाएगा। कोड के साथ पीड़ित 9456591505 नंबर में व्हाट्सएप कर अपने सारे दस्तावेज साइबर विभाग को भेज सकते हैं। इस नंबर पर कॉल करने से अपराधियों की धरपकड़ जल्द ही शुरू हो जाएगी व पीड़ित को उसकी खोई रकम वापस दिलाई जाएगी। कुमाऊं परिक्षेत्र की साइबर थाना प्रभारी सीओ पूर्णिमा गर्ग का कहना है कि साइबर अपराध के बढ़ते धन संबंधी मामलों को देखते हुुए विभाग ने नया हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।