खटीमा में सेवादार नन्हे की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में विधायक भुवन कापड़ी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नन्हे को सुरक्षा देने में पुलिस की ओर से बरती गई लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए विधायक कापड़ी ने कहा कि चार जनवरी की मध्यरात्रि भारामल मंदिर में महंत श्रीहरिगिरि महाराज और सेवादार रूप सिंह बिष्ट की नृशंस हत्या के बाद अब उस हमले में जिंदा बचे सेवादार चश्मदीद नन्हे की भी संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दोहरे हत्याकांड को तीन सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन हत्यारे अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।