गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बैठक में हंगामे के बीच बुद्धिजीवी वर्ग से नामित सदस्य की जगह नगर पंचायत क्षेत्र से सदस्य के चुनाव करने सहित विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। निलंबित चल रहे महासचिव प्रीतम सिंह संधू ने कार्यवाहक महासचिव धन्ना सिंह की ओर से बुलाई बैठक को असंवैधानिक बताया। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज ठाकुर की उपस्थिति में दोनो पक्षों की बैठक हुई। इसमें सीओ ने स्थिति को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर स्थिति स्पष्ट करने की बात की।
बुधवार को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की प्रबंधक कमेटी के सदस्यों की बैठक प्रधान कक्ष में कमेटी के प्रधान सेवा सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 14 सदस्य उपस्थित थे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराने पर चर्चा की गई। पारित प्रस्ताव में बुद्धिजीवी वर्ग से नामित होने वाले सदस्य की जगह पर नानकमत्ता नगर पंचायत क्षेत्र से एक सदस्य का चुनाव किया जाएगा। मजहबी सिख सदस्य को कमेटी की ओर से मनोनीत न कर चुनाव अधिकारी की ओर से चुना जाना तय किया गया।
चुनाव अधिकारी की तरफ से ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर से नियुक्त सदस्य के नाम एसपीजी से ही मंगाए जाएंगे। बैठक में लंगर हाल में एसी लगाने पर चर्चा हुई, परंतु सदस्यों ने एसी ना लगवा कर कूलर तथा एग्जास्ट फैन लगवाने व लंगर हाल के फर्श पर कोटा पत्थर लगवाने का प्रस्ताव पारित किया। कमेटी के प्रधान सेवा सिंह ने उपस्थित सदस्यों का आभार जताया। वहां कार्यवाहक महासचिव धन्ना सिंह, प्रकट सिंह, जरनैल सिंह, महेंद्र सिंह, हरजिंदर सिंह, प्रीतम सिंह चावला, हरभाग सिंह, पाल सिंह, जसवंत सिंह पलिया आदि थे।
अध्यक्ष और कार्यवाहक महासचिव की ओर से बुलाई बैठक असंवैधानिक : प्रीतम
नानकमत्ता। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब प्रबंधक कमेटी के निलंबित महासचिव प्रीतम सिंह संधू ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मर्यादा के विरुद्ध कार्य करने के चलते सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सेवा सिंह और कार्यवाहक महासचिव धन्ना सिंह को दोषी करार देकर सजा दी थी। दोनों को कमेटी की बैठक बुलाने का अधिकार नहीं है। यह बैठक असंवैधानिक है। बैठक में मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज ठाकुर ने एसडीएम सितारगंज तुषार सैनी से वार्ता कर जल्द स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। पत्रकार वार्ता में जोगिंदर सिंह, जसवीर सिंह, गुरविंदर पाल सिंह, गुरमेज सिंह जत्थेदार, बलजिंदर सिंह, निर्मल सिंह, कुलविंदर सिंह, सूरत सिंह, अमरजीत सिंह, केहर सिंह आदि मौजूद थे (संवाद)
नानकमत्ता में सीओ मनोज ठाकुर की मौजूदगी में बैठक गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य।- फोटो : SITARGANJ