रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन परिसर से बस में सवार होते यात्री।
- फोटो : RUDRAPUR
काशीपुर/रुद्रपुर। रोडवेज के चालकों, परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों के साथ ही संचालन से जुड़े कर्मियों केे लिए प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। यह योजना 30 अक्तूबर से शुरू होकर दस नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
काशीपुर डिपो के एआरएम आरसी पांडे ने बताया कि प्रोत्साहन योजना का मकसद त्योहारों के दौरान बसों को पूरी क्षमता के साथ चलाना है। चार नवंबर को दीपावली के बाद से लगातार छह नवंबर तक त्योहार है। निगम ने त्योहारी सीजन में सभी बसों को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने का बीड़ा उठाया है। इस दौरान जिन कर्मचारियों का साप्ताहिक अवकाश आएगा, उनका अवकाश बाद में समायोजित किया जाएगा। कर्मियों को प्रोत्साहन राशि सीधे डिपो से ही नकद मिलेगी। मैदानी मार्ग पर 2750 किलोमीटर (प्रतिदिन औसत 250 किमी), मिश्रित मार्गों पर 2200 किलोमीटर (प्रतिदिन औसत 200 किमी) और पर्वतीय मार्गों पर 1980 किलोमीटर (प्रतिदिन औसत 180 किमी) बस चलाने पर इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
इस अवधि में लगातार 11 दिन की ड्यूटी करने पर एक-एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, तकनीकी कर्मचारियों को 600 रुपये प्रति कर्मचारी प्रोत्साहन राशि मिलेगी। कार्यशाला के आउटसोर्सिंग कर्मियों को 500 रुपये प्रति कार्मिक प्रोत्साहन राशि देय होगी। जो ड्राइवर, कंडक्टर दीपावली के त्योहार के दौरान दो नवंबर, तीन नवंबर, पांच नवंबर और छह नवंबर यानी चार दिन मैदानी मार्ग पर 1850 किमी, मिश्रित मार्ग पर 1400 किमी और पर्वतीय मार्गों पर 1000 किमी वाहन चलाएगा उसे निगम अलग से एक-एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए 80 बसों का संचालन किया
रुद्रपुर। त्योहारी सीजन में बसों का संचालन दुरुस्त रखने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने चालक-चालकों को प्रोत्साहन राशि की सुविधा दी है।
दीपावली पर्व को लेकर रोडवेज बसों में काफी भीड़भाड़ है। सोमवार को भी रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर अन्य दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या अधिक रही। यात्रियों की सुविधा के लिए रुद्रपुर डिपो प्रबंधन ने अपनी 80 बसों का संचालन किया। मंगलवार और बुधवार को भी बसों में भीड़भाड़ होने की संभावना है। स्टेशन प्रभारी ब्रहमानंद ने कहा कि दीपावली पर रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। यात्रियों को बसों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।