रुद्रपुर। ऑपरेशन क्रेक डाउन के तहत एसओजी टीम ने टी 20 विश्व कप के मैच पर सट्टा लगवा रहे दो बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन वेबसाइटों के जरिए मैच पर लोगों की रकम दाव पर लगवा रहे थे। दोनों के कब्जे से एक लाख दस हजार रुपये और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। आरोपियों ने पांच और साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
रविवार को पुलिस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि रविवार रात मुखबिर की सूचना पर एसओजी टीम ने तीनपानी डैम में बालाजीपुरम कॉलोनी के पास बुलेट (यूके 06एयू 8863) पर बैठकर सट्टा लगवा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपना नाम अश्वनी सिंह निवासी सिंह कॉलोनी बिलासपुर और हाल निवासी नारायण कॉलोनी ट्रांजिट कैंप और अजीत कुमार यादव निवासी भदोई थाना गेसडी जिला बलरामपुर यूपी बताया।
उनके कब्जे से दो सट्टा रजिस्टर, एक सट्टा डायरी, छह मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी अश्वनी ने बताया कि वह वर्ष 2017 से सट्टे की खाईबाड़ी के साथ ही आईपीएल और टी 20 वर्ल्ड कप में सट्टा लगवाने का काम करता है। वह आवास विकास निवासी कमालुद्दीन और विशाल त्रिपाठी उर्फ ओशो निवासी सिसैय्या सितारगंज से भी सट्टे का लेन देन करता है और सोनू, निशांत, बीएसएफ नाम के व्यक्तियों को भी रकम देता है।
अजीत उसके सहायक के रूप में कमीशन पर काम करता है। एसएसपी ने बताया कि शनिवार रात भी इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के मैच पर दो लाख रुपये का सट्टा लगा होने के प्रमाण जांच में मिले हैं। बताया कि सट्टे के कारोबार में जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तीन महीने में सट्टे से कमाए 25 लाख
रुद्रपुर। एसएसपी कुंवर ने बताया कि अश्वनी तीन वेबसाइटों के जरिए लोगों की रकम मैचों पर लगवाता है। इसके अलावा एक सट्टे की खाईबाड़ी का काम भी ऑनलाइन वेबसाइट से करता है। दिल्ली में बैठे सटोरियों से संपर्क में रहता है। बताया कि उसने अलग-अलग लोगों से क्रिकेट सट्टा व खाईबाड़ी सट्टा से गूगल पे एवं फोन पे में तीन महीने के भीतर करीब 25 लाख रुपये की आय अर्जित की है। आरोपी ऑनलाइन एप, गूगलपे, फोनपे आदि के माध्यम से भी लेनदेन करते हैं।
एसओजी टीम को ढाई हजार का इनाम
रुद्रपुर। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने रुद्रपुर में सटोरिए, किच्छा में कच्ची शराब और काशीपुर में जुआरियों को पकड़ने वाली एसओजी टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने टीम की पीठ भी थपथपाई। टीम में एसओजी इंचार्ज कमलेश भट्ट, एसआई देवेंद्र सिंह मेहता, रविंद्र बिष्ट, कांस्टेबल धरमवीर सिंह, ललित कुमार, प्रभात चौधरी आदि थे।