खटीमा में असम राइफल्स के स्थापना दिवस पर मौजूद पूर्व सैनिक। संवाद
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। असम राइफल्स का 187वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व असम राइफल्स के जवानों के परिचय के साथ हुई। इस दौरान पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों की समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा भी उठाया गया।
शुक्रवार को लोहियाहेड रोड स्थित असम राइफल्स पूर्व सैनिक एसोसिएशन कार्यालय पर बड़ी संख्या में असम राइफल्स के पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और वीरांगनाओं ने प्रतिभाग किया। एसोसिएशन अध्यक्ष सूबेदार मेजर त्रिलोक सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्थापना दिवस की बधाई दी। इस दौरान वन रैंक वन पेंशन का मामला उठा। वक्ताओं ने राज्य एवं केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की। एसोसिएशन अध्यक्ष बिष्ट ने पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं एवं वीरांगनाओं को मिलने वाली सुविधा की जानकारी दी।
कार्यक्रम संचालक एसोसिएशन सचिव मोहन चंद्र पंत ने यहां मौजूद लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि असम राइफल्स वेलफेयर सोसायटी से खटीमा एवं आसपास के 1500 पूर्व सैनिक जुड़े है। उन्होंने पारिवारिक लाभ की सुविधा, शिक्षा के क्षेत्र में प्रदत्त सुविधा से अवगत कराया। वहां सूबेदार जवाहर सिंह पोखरिया, एनसी जोशी, दलीप सिंह, एमसी पांडेय, निर्मला भट्ट, सुनीता देवी आदि थे।