रुद्रपुर के पांच मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते लोग।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर/खटीमा। सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध और जल का अभिषेक कर पूजा अर्चना की। मौसम खराब होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आवक दिन भर बनी रही। बारिश होने की आशंका पर कई लोग छाता लेकर लोग मंदिरों में पूजा के लिए पहुंचे।
सोमवार को हिंदू पंचांग के अनुसार सावन का पहला सोमवार मनाया गया। जबकि पर्वतीय और पंजाबी समाज के लोगों का सावन का दूसरा सोमवार मनाया। पांच मंदिर, दुर्गा मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, प्राचीन अटरिया मंदिर, नीलकंठ मंदिर, दूधिया मंदिर, शिव शक्ति मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर, वैष्णो मंदिर, वनखंडी महादेव मंदिर आदि में सुबह से ही श्रद्धालु उमड़ पड़े। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मंदिर समितियों के पदाधिकारियों ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की। पुरोहितों के मुताबिक सावन माह में की गई शिव उपासना बहुत ही फलदायी होती है। प्राचीन अटरिया मंदिर के पंडित पंकज गौड़ ने बताया कि पंचांग के अनुसार सावन 25 जुलाई से शुरू होकर 22 अगस्त तक रहेगा। इधर, खटीमा के मंदिरों में सोमवार को श्रद्धालुओं की रौनक से माहौल भक्तिमय रहा। श्रावण मास के चलते क्षेत्र में झूले भी लगाए गए हैं। वनखंडी महादेव शिव मंदिर चकरपुर, ओमकारेश्वर मंदिर अमाऊं, सिद्घेश्वर शिव मंदिर कंजाबाग, बिलेश्वर शिव मंदिर चारुबेटा, ग्रीन पार्क स्थित मनोकामना मंदिर आदि में सुबह से भीड़ रही। ग्रीन पार्क स्थित मनोकामना मंदिर में 12 से अधिक परिवारों ने सामूहिक रुद्राभिषेक किया।