बाजपुर के गांव फौजी कालोनी केंद्र पर धीमीगति से तौल होने पर केंद्र प्रभारी का घेराव करते किसान।
- फोटो : BAZPUR
किसानों और राइस मिल एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में धान तौल के दौरान आ रही समस्याओं पर मंथन किया गया। राइस मिल एसोसिएशन अध्यक्ष ने किसानों को कोई दिक्कत नहीं होने देने का भरोसा दिया। इस दौरान केंद्रों पर धीमी गति सेेे धान खरीद होने पर किसानों और तौल प्रभारियों के बीच झड़प हो गई। किसानों ने धान तौल में तेजी लाने की बात कही।
मंगलवार को मंडी सभागार में आयोजित बैठक में भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष करम सिंह पड्डा ने कहा कि कच्चे आढ़ती किसानों का धान नहीं खरीद रहे हैं। इससे किसानों को दिक्कत हो रही है। राइस मिल एसोसिएशन अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि किसानों को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने दो दिन में किसानों को भुगतान भी देने की बात कही। वहां सौरभ अग्रवाल, प्रताप संधू, अजीत प्रताप सिंह रंधावा, विजेंद्र डोगरा, तेजेश्वर सिंह, आईपी बरार, गगन, रघुवीर सिंह, हरमीत नीटृ आदि थे।
बैठक के बाद किसान सेवकों के प्रतिनिधि मंडल ने तौल केंद्रों पर जाकर धीमी गति से हो रही खरीद पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि बुधवार से हर तौल केंद्र पर किसान सेवक पहुंचकर खरीद की समीक्षा का जायजा लेंगे। प्रति केंद्र पर सात सौ क्विंटल प्रतिदिन धान खरीद करने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि तौल केंद्रों पर मात्र दो से तीन सौ क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसान सेवकों ने मंडी समिति धान तौल केंद्र, फौजी कॉलोनी, बन्नाखेड़ा, बरहैनी केंद्रों पर जाकर देखा। इस दौरान किसान सेवकों ने तौल प्रभारियों को कड़ी हिदायत भी दी। (संवाद)