फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज बसों में सीटों के लिए मारामारी

विज्ञापन
रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में भीड़भाड़ के बीच खिड़की से बस में घुसता युवक। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। दीपावली मनाने के लिए दिल्ली और मुंबई से लौटे सैकड़ों युवाओं के साथ ही स्थानीय यात्रियों की भीड़भाड़ के कारण बुधवार को रोडवेज बसों में सीटों के लिए मारामारी रही। रुद्रपुर स्टेशन में सीटों के लिए कई यात्री खिड़की के रास्ते बसों में घुसे। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बरेली के लिए सर्वाधिक 38 और टनकपुर के लिए 15 बसें संचालित की गईं।
विज्ञापन

रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर सुबह पांच बजे से ही यात्रियों की भीड़भाड़ बढ़नी शुरू हो गई थी। सभी रूटों पर बसों का संचालन दुरुस्त रखने के लिए स्टेशन प्रभारी ब्रह्मानंद सुबह से ही स्टेशन परिसर में तैनात रहे। सुबह 10 बजे के बाद यात्रियों की भीड़ एकाएक बढ़ गई। सबसे अधिक अधिक यात्रियों की संख्या बरेली (यूपी) और टनकपुर मार्ग पर रही।
टनकपुर मार्ग की बसों में बनबसा, चकरपुर, खटीमा, झनकट, नानकमत्ता और सितारगंज के यात्रियों की संख्या अधिक रही। दिल्ली और मुंबई में नौकरी करने वाले युवक-युवतियों की संख्या भी काफी रही। पिथौरागढ़ व चंपावत जिलों के यात्रियों ने भी टनकपुर तक इस रूट की बसों में सफर किया। डिपो प्रबंधन ने यात्रियों की संख्या को देखते हुए सभी रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए। बरेली रूट की कई बसों के सात फेरे लगवाए गए।
विज्ञापन

दीपावली के चलते रोडवेज बसों मेें काफी भीड़भाड़ रही। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन व फेरे बढ़ाए गए। बरेली के लिए 38 व टनकपुर को 15 बसें भेजीं। यात्रियों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। -
राकेश कुमार, एआरएम रुद्रपुर डिपो।
त्योहार पर रोडवेज ने बढ़ाए बसों के फेरे
काशीपुर। दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज परिवहन निगम ने बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। इसके बावजूद बसों में यात्रियों की संख्या बाकी दिनों के मुकाबले कम रही। हालांकि दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कुछ ज्यादा रही।
रोडवेज डिपो के एआरएम आरसी पांडे ने बताया कि काशीपुर से दिल्ली समेत विभिन्न क्षेत्रों के लिए 38 बसों का संचालन किया जा रहा है। एक और दो नवंबर को काशीपुर-रुद्रपुर के बीच बसों के फेरे बढ़ाए गए थे लेकिन बुधवार को यात्री कम होने के कारण बसें निर्धारित समय के अनुसार ही चलीं। काशीपुर से दिल्ली के लिए तीन अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं।
दिल्ली से आने वाली बसों में मुरादाबाद तक यात्रियों की संख्या काफी अधिक देखी जा रही है। इसके अलावा सहारनपुर, मेरठ, देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, बिजनौर, नजीबाबाद के लिए बसों का संचालन किया जा रहा है। लोकल रूटों पर बसों में कोई विशेष भीड़ नहीं है। एआरएम पांडे ने बताया कि भैया दूज पर सवारियां बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए लोकल रूट पर भी बसों के चक्कर बढ़ाए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें