Death of Two Youths in Sitarganj Accident
पूरनपुर (पीलीभीत)/सितारगंज। सड़क किनारे खड़े ट्रक में कार घुसने से सितारगंज के रहने वाले कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। कार में फंसे दोनों युवकों के शव पुलिस ने बाहर निकलवाकर सीएचसी भिजवाए। दोनों नगर में एक रिश्तेदारी में दसवां संस्कार में शामिल होने के लिए आ रहे थे।
घटना असम हाईवे पर एक ढाबे के पास रविवार रात करीब डेढ़ बजे हुई। उत्तराखंड के थाना सितारगंज के गांव कुवंरपुर सिसैया गांव के सुरेश कुमार (25) सितारगंज के मोहल्ला गनेश मंदिर कॉलोनी निवासी अबरार अहमद (30) के साथ कार से नगर में सुरेश की रिश्तेदारी में दसवां संस्कार में शामिल होने आ रहे थे। ढाबा के पास सड़क किनारे खाली खड़े ट्रक में कार पीछे से घुस गई। कार सवार दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाल ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।
सुरेश के भाई विशाल ने बताया कि नगर की पंकज कॉलोनी में उसके मौसा रहते हैं। मौसा का सोमवार को दसवां संस्कार था। भाई अपने मित्र के साथ रविवार देरशाम पूरनपुर के लिए रवाना हुए थे। अबरार अहमद के चाचा इमरान ने बताया कि अबरार भवनों के निर्माण की ठेकेदारी करता है। उसके एक पुत्र और पुत्री भी है। विशाल ने बताया कि दो भाइयों में सुरेश बड़ा था। सुरेश की शादी नहीं हुई थी। सुरेश एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे।
दो युवकों की मौत से छाया मातम
सितारगंज। पूरनपुर गए दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत से गांव में मातम छाया हुआ है। दोनों के परिवारों में कोहराम मचा है। सुरेश सक्सेना आरएसएस के विभाग प्रचारक नरेंद्र के भाई मदन लाल का बेटा था। सोमवार को सुरेश का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुरेश की शादी तय हो गई थी। रुद्रपुर मेयर रामपाल, अशोक जायसवाल, श्रीपाल राणा, मुकेश श्रीवास्तव, राजेंद्र मित्तल, धरमपाल, खेमपाल चौहान ने घर पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया। दूसरे मृतक अबरार के दो मासूम बच्चे हैं। अबरार के घर में भी कोहराम मचा हुआ है।