नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब के बाबा अलमस्त दीवान हाल में सजे धार्मिक दीवान में संगत को निहाल करत?
- फोटो : SITARGANJ
अमावस्या पर्व पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के श्री हरमिंदर साहिब दरबार में मत्था टेक पवित्र पंजा साहिब की परिक्रमा की और अपने परिवार के सुख शांति की कामना की। धार्मिक दीवान में पंथ के इतिहासकारों, रागी, ढाढ़ी तथा कविसरी जत्थो ने संगत को सिख पंथ का इतिहास तथा गुरुओं की वाणी सुनाकर निहाल किया।
शनिवार को शनि अमावस्या पर्व पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब के श्री हरमिंदर साहिब दरबार में मत्था टेक पवित्र पंजा साहिब की परिक्रमा कर गुरु महाराज से अपने परिवार के लिए सुख शांति की अरदास की। पर्व के उपलक्ष में बृहस्पतिवार को रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब का आज भोग पड़ा। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। गुरुद्वारा छेंवी पातशाही, गुरुद्वारा भंडार साहिब, गुरुद्वारा दूध वाला कुआं, पवित्र बाऊली साहिब तथा अजायबघर में सिख पंथ से जुड़ा इतिहास सुनाया।
बाबा अलमस्त दीवान हाल में सजे धार्मिक दीवान में पंथ के प्रसिद्ध बलवंत सिंह आजाद के ढांढ़ी, महल सिंह मस्त, सादा सिंह के कविसरी, दलीप सिंह कक्कर के हजूरी रागी जत्थो ने संगत को सिख पंथ का इतिहास तथा गुरुओं की वाणी सुनाकर निहाल किया। धार्मिक दीवान का संचालन सुखविंदर सिंह एमए ने किया। श्रद्धालुओं के लिए लंगर हाल में अटूट लंगर बरताया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक डेरा कारसेवा पहुंच डेरे के संतों से आशीर्वाद लिया। वहां दिल्ली से पहुंचे डेरा प्रमुख बाबा बचन सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह, बाबा तरसेम सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सेवा सिंह, सदस्य जरनैल सिंह, हरभाग सिंह, हरविंदर सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक रणजीत सिंह, रंजीत सिंह ढिल्लो आदि थे।
नानकमत्ता में गुरुद्वारा साहिब के दर्शन को उमड़ी संगत।- फोटो : SITARGANJ