रुद्रपुर के प्राचीन अटरिया मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु।
- फोटो : RUDRAPUR
इस बार नवरात्र के पहले दिन दुर्गा मां पालकी (डोली) में सवार होकर पहुंची हैं। शारदीय नवरात्रि में चतुर्थी तिथि क्षय होने के कारण नवरात्र का एक दिन घट गया है। इसलिए इस बार नवरात्रि का पर्व आठ दिन ही रहेगा। बृहस्पतिवार को जिले के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की।
रुद्रपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर, दुर्गा मंदिर, प्राचीन अटरिया मंदिर, नीलकंठ मंदिर, दूधिया मंदिर आदि में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मां शैलपुत्री को चुनरी, नारियल समेत प्रसाद चढ़ाया। इस दौरान मंदिर के आगे लगीं दुकानों की भी खूब बिक्री हुई।
इधर, दुर्गा मंदिर में मां ज्वाला जी की ज्योति से लोगों ने ज्योति लेकर अपने घरों में स्थापित की। रुद्रपुर की ज्योतिषाचार्य मंजू जोशी ने बताया कि नवरात्रि में मां के पालकी में सवार होकर आने पर स्त्री शक्ति को विशेष ऊर्जावान व बलवान बनाता है। धार्मिक मान्यतानुसार गुरुवार और शुक्रवार को यदि नवरात्र प्रारंभ होते हैं तो माता की सवारी डोली होती है। बताया कि इसे प्राकृतिक और राजनैतिक उथल-पुथल का संकेत भी माना जा सकता है। इस वजह से कुछ समय बाद राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं का वर्चस्व बढ़ेगा।
रुद्रपुर के दुर्गा मंदिर में देवी मां की पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर के दुर्गा मंदिर से मां ज्वाला की ज्योत लेकर जातीं महिलाएं।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर बाजार में नवरात्रि पूजन के लिए प्रसाद खरीदतीं महिलाएं।- फोटो : RUDRAPUR