कार के टकराने पर एक युवक ने राधे हरि राजकीय महाविद्यालय के अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह उर्फ गोपी के बड़े भाई मनप्रीत सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। परिजन उसे मुरादाबाद ले गए हैं।
पुलिस ने घटना स्थल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है।
शुक्रवार को ग्राम मेहरोत्रा फार्म सरवरखेड़ा निवासी मनप्रीत सिंह कार से साथियों के साथ काशीपुर की तरफ आ रहा था। पंवार रेस्टोरेंट के पास सामने से एक कार उसकी कार से टकरा गई। उस कार में भी कई युवक बैठे थे। दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया।
गोली मनप्रीत सिंह की गर्दन में लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। गोली लगते ही अफरा तफरी मच गई। गोली चलाने वाला युवक और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही गुरुप्रीत सिंह और उसके साथी और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मनप्रीत सिंह को जीवन रेखा अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन मनप्रीत सिंह को मुरादाबाद ले गए।
इधर, घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ कुंडा रमेश तनवार सूचना मिलते ही वह घटना स्थल पर पहुंच गए। इधर, सीओ जीसी टम्टा ने जीवन रेखा अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। कुंडा थाना पुलिस ने हमले मेें प्रयुक्त कार घटना स्थल से बरामद कर ली। सीओ जीसी टम्टा ने हमलावर को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है, उसके हमलावर होने का संदेह है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।