नैनीताल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार सुबह बाइक सवार युवक की कर्मचारी से बिना हेलमेट तेल डालने को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस बीच बाइक सवार के समर्थक भी सूचना पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई।
मंगलवार को भूतबंगला निवासी एक युवक डीडी चौक स्थित पुरी पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचा तो पंप के सेल्समैन प्रवीन ने उसे बिना हेलमेट के पेट्रोल देने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पंप पर मारपीट होते देख वहां पर तेल डलवाने के लिए बाइक सवारों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पंप के और भी कर्मचारी पहुंच गये। इसी दौरान बाइक सवार युवक के समर्थक भी भारी संख्या में पहुंच गए। मामला बढ़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
बताया जाता है कि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई और हाथापाई तक नौबत पहुंच गई। बाइक सवार युवक ने पंप कर्मी पर उसके सिर पर प्लास्टिक के पैराफिट से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस दोनों पक्षों को आवास विकास चौकी ले गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस में किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। चौकी इंचार्ज ललित मोहन जोशी ने बताया कि तहरीर नहीं दी गई है और दोनो पक्षों में समझौता करने का प्रयास किया जा रहा है।