नगर और ग्रामीण क्षेत्र में हरियाणा व उत्तराखंड में बनी अंग्रेजी शराब के नाम से मुरादाबाद की नकली शराब धड़ल्ले से बिक रही है।
शराब तस्करों ने हरियाणा के नाम से लाए जाने वाली विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब काफी सस्ते में बेची जाती है। होटलों, रिसोर्ट के अलावा शादी-विवाह व अन्य समारोह में परोसी जानी वाली शराब हरियाणा की होती है।
चुनावों के समय तो हरियाणा से ट्रकों के हिसाब से अंग्रेजी शराब आती है। हरियाणा की शराब की बोतल में केवल हरियाणा में बिक्री वैध लिखा रहता है, इससे खरीददार समझता है कि यह हरियाणा से तस्करी से आई है।
दरअसल हरियाणा की शराब की आड़ में नकली बिक रही है। इसके लिए एल्कोहल में जिस ब्रांड का बनाया जाना है, उसका कलर व फ्लेवर डाला जाता है।
लाइसेंसी दुकानों में खरीददार को पक्की रसीद तो मिलती नहीं, लेकिन कीमत में भारी अंतर होने से असली के साथ नकली शराब भी बिकने की आशंका रहती है। अंग्रेजी शराब के तस्कर ही नकली शराब को बेचते हैं।
सूत्रों ने बताया कि पहले नकली अंग्रेजी शराब मुरादाबाद से आती थी। अब ठाकुरद्वारा के आसपास कहीं पर मिनी प्लांट लगा है।
जिसका किसी को पता नहीं है। इसकी बोतलें, रेपर, हॉलोग्राम दिल्ली से मंगाए जाते हैं। इसकी खपत उत्तराखंड में होती है।