ई-रिक्शा को लेकर हुए विवाद में रेशमबाड़ी मेें दो समुदायों के युवकों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान हमलावरों ने तमंचों से 10 से 15 राउंड फायर भी किए। जिससे दो सगे भाई समेत तीन युवक घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही हमलावरों की धरपकड़ को दबिश भी दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।
पुलिस के मुताबिक रेशमबाड़ी राठौर कालोनी निवासी वीरेंद्र पुत्र पूरन लाल का जीजा खेड़ा निवासी रईस का ई-रिक्शा किराए में चलाता है। रविवार दोपहर रईस अपने कुछ अन्य साथियों के साथ अपना ई-रिक्शा लेने रेशमबाड़ी आया। बताया जा रहा है कि रेशमबाड़ी पहुंचने पर रईस ने ई-रिक्शा मांगा तो वीरेंद्र ने इंकार कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। यह देख वीरेंद्र का भाई प्रेमपाल और उसका साथी अजय ने बीच बचाव किया तो रईस और उसके साथियों ने उनसे भी मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान रईस पक्ष के लोगों ने तमंचे लहराते हुए करीब 10 से 15 राउंड फायर कर दिए।
इससे वीरेंद्र, प्रेमपाल और अजय घायल हो गए। फायरिंग की आवाज से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। इस पर किसी ने मामले की सूचना पुलिस को भी दी। इससे पहले कि सूचना पर एसएसआई आरसी मखौलिया, रंपुरा चौकी इंचार्ज अशोक धनकड़ पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचते हमलावर फरार हो गए।
बाद में पुलिस ने लोगों की मदद से घायल वीरेंद्र, प्रेमपाल और अजय को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही हमलावरों की तलाश भी कि, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। रंपुरा चौकी इंचार्ज अशोक धनकड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर भी पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रेशमबाड़ी में मारपीट और हवाई फायर के दौरान लोग अपने घरों के छतों से बाहर का नजारा देखने लगे। इसी बीच अपने घर की छत में खड़े रेशमबाड़ी निवासी आयूब का सात वर्षीय पुत्र फैजल और पांच वर्षीय आहम भी छत से नीचे झांकने लगे। जिससे छर्रे लगने से दोनों भाई चोटिल हो गए।
रेशमबाड़ी में ई-रिक्शा को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच मारपीट और फायरिंग की सूचना शहर में सांप्रदायिक झगड़े के रूप में फैली। इसका पता चलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मौके पर पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग के कर्मी भी पहुंच गए। जहां उन्होंने मामले की जानकारी लेकर राहत की सांस ली।
रेशमबाड़ी में मारपीट के दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसका पता चलते ही अब पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है। ताकि पता लगाया जा सके कि मारपीट और फायरिंग करने वाले लोग कौन थे।