सिडकुल में आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम उखाड़ने वाला गिरोह और बरेली के शीशगढ़ में एटीएम उखाड़ने वाले बदमाश कहीं एक ही गैंग तो नहीं। पुलिस इसका पता लगाने के लिए सुरागकशी में जुट गई है।
बुधवार की तड़के बदमाशों ने दिनेशपुर रोड स्थित अशोका लीलेंड फैक्ट्री गेट से 6.70 लाख रुपये की नगदी से भरा आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम उखाड़ ले गए थे। खुलासे को पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा दबिश भी दे रही है।
इधर जिला बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में भी दो माह पहले इसी तरह की एटीएम उखाड़ने की वारदात हुई थी। जिससे आशंका जताई जा रही है कि रुद्रपुर में एटीएम उखाड़ने वाला गिरोह, वही तो नहीं, जिसने शीशगढ़ में भी एटीएम उखाड़ा था। इस पर जिला पुलिस अब बरेली पुलिस के संपर्क में हैं।
सूत्रों के मुताबिक जिला पुलिस और बरेली पुलिस दोनों ही इस गैंग के बारे में जानकारी जुटाने में लग गई है। इसके लिए पूर्व में एटीएम से संबंधित आपराधिक मामलों में प्रकाश में आए बदमाशों को चिह्नित भी किया जा रहा है। ताकि उनसे जरूरी जानकारी जुटाई जा सके।
दिनेशपुर रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम उखाड़ने के मामले में पुलिस के हाथ पांचवें दिन भी खाली है। खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें यूपी के साथ ही अन्य जिलों में डेरा डाले हुए हैं। आज तक उन्हें भी इस मामले में कोई सुराग नहीं मिला।
हालांकि पुलिस अधिकारी जल्द ही खुलासे का दावा कर रहे हैं, लेकिन बदमाशों की सुरागकशी तो दूर, पुलिस एटीएम की बरामदगी को सड़कों और जंगल तक की खाक चुकी है, लेकिन वह भी आज तक बरामद नहीं हुआ।