एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में नशीला पदार्थ खिलाकर वृद्धा को लूटने के मामले में पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध आरोपी दिखाई दे रहा है।
बीते बुधवार को मोहल्ला पक्काकोट निवासी मनोहरी देवी रावत अपनी धेवती मोनी शर्मा के साथ इलाज के लिए सरकारी अस्पताल आई थी। इस बीच एक व्यक्ति ने धेवती को 10 रुपए देकर दवाई लेने भेज दिया। धेवती के जाने पर खुद को कंपाउंडर बताने वाले एक व्यक्ति ने वृद्धा को पाउडर खिलाकर बलगम जांच कराने को कहा। पाउडर खाते ही वृद्धा बेहोश हो गई। बेहोश होते ही कथित कंपाउंडर वृद्धा के कान के कुंडल और करीब दस हजार की नकदी लेकर फरार हो गया था। वृद्धा को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में घटना को अंजाम देने वाला संदिग्ध दिखाई दे रहा है। पुलिस संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।