सोने की अंगूठी निगलने वाले नागा बाबा के पेट से सोने की अंगूठी रविवार को शौच में निकल गई। पुलिस ने अंगूठी बरामद कर कब्जे ले ली।
ग्राम महाराजपुर के किराना व्यापारी केवल कृष्ण ठुकराल के पास शनिवार शाम हरियाणा निवासी एक नागा बाबा आया और हाथ देखने लगा। मना करने पर भी बाबा ने जिद करके हाथ पकड़ लिया और पलक झपकते ही हाथ की उंगली से सोने की दो तोले सोने की अंगूठी निकालकर निगल गया।
बाबा ने भागने की कोशिश की तो व्यापारी ने पड़ोसियों के सहयोग से उसे दबोच लिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाबा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बाबा ने पुलिस को बताया कि वह इससे पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है।
पुलिस के सख्ती दिखाने पर रात को वह पुलिस को आश्वस्त करता रहा कि सुबह अंगूठी सुरक्षित मिल जाएगी। सुबह बाबा शौच को गया तो उसके पेट से अंगूठी बाहर निकल गई।