फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व मंत्री बेहड़ सहित साढ़े पांच सौ कांग्रेसी गिरफ्तार, रिहा

Mon, 26 Feb 2018 12:24 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला ब्यूरो, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
गल्ला मंडी गेट पर पुलिस से उलझते कांग्रेसी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रदेश सरकार की नजूल नीति को गरीब विरोधी करार देते हुए कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री के रुद्रपुर आगमन पर काले झंडे दिखाने का ऐलान किया था। रविवार को विरोध-प्रदर्शन को लेकर सतर्क पुलिस कांग्रेसियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। एएसपी देवेंद्र पींचा ने बेहड़ के घर पहुंचकर मनाने की कोशिश भी की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। 

विज्ञापन


दोपहर में कांग्रेसी नेता सुशील गाबा, संजय जुनेजा, हरीश अरोरा सहित एक दर्जन लोग काले झंडे लिए नारेबाजी कर डीडी चौक पहुंचे और सीएम का पुतला फूंकने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुतला छीनने के साथ की कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया। 

इधर, गल्ला मंडी से पूर्व मंत्री बेहड़ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने काले झंडे और काले गुब्बारे लेकर कार्यक्रम स्थल की ओर कूच किया। यहां गल्ला मंडी गेट पर मुस्तैद फोर्स ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वाहनों से पुलिस लाइन भिजवा गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्कामुक्की भी हुई और कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे उड़ा दिए। इधर, रामलीला ग्राउंड से निकल रहे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डीडी चौक पर गिरफ्तार कर लिया। 
विज्ञापन


मुख्यमंत्री के जाने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे गिरफ्तार किए गए करीब साढ़े पांच सौ कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन से रिहा कर दिया गया। इस दौरान जिपं उपाध्यक्ष संदीप चीमा, मंडी समिति अध्यक्ष अरुण शर्मा, प्रीत ग्रोवर, मीना शर्मा, हिमांशु गाबा, हरीश पनेरु, जगदीश तनेजा, दिनेश पंत, परिमल राय आदि थे। 

सीएम की फ्लीट रोकने की कोशिश 
पूर्व मंत्री बेहड़ सहित सैकड़ों समर्थकों को गिरफ्तार कर पुलिस राहत की सांस ले रही थी। इसी बीच इंदिरा चौक पर गुजर रही फ्लीट के पास पूर्व मंत्री के पुत्र सौरभ बेहड़ साथियों के साथ काले झंडे लेकर पहुंच गए। इससे पुलिसकर्मियों ने खलबली मच गई। इससे पहले कि फ्लीट में अवरोध पैदा होता, पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान उनकी पिटाई भी हुई और किच्छा भेज दिया गया।

डंडा नहीं होने पर फटकारा 
डीडी चौक पर कांग्रेसियों के विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात थी। पुलिस लाइन से भी शस्त्रों के साथ पुलिसकर्मी पहुंचे थे। इस पर सीओ बीएस चौहान बिफर पड़े। उन्होंने पुलिसकर्मियों को डांटते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शन को थामने के लिए डंडे की जरूरत पड़ती है, ऐसे में शस्त्र लेकर आने का औचित्य क्या है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शस्त्र कोतवाली में जमा कराए और डंडे थामकर मैदान में डट गए। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें