काशीपुर। दहेज में दो लाख रुपये न मिलने और बेटी के पैदा होने पर नाराज ससुरालियों ने महिला को घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कचनालगाजी कुमाऊं कॉलोनी निवासी विजयलक्ष्मी पत्नी रामकिशोर ने महिला हेल्प लाइन प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि उसकी पुत्री शिवाली का विवाह 17 अप्रैल 2016 को कटराचांद खां बरेली निवासी प्रभात कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि शिवाली के पति, सास, ससुर और जेठ ने उसके जेवरात आदि अपने पास रख लिए थे। 20 जुलाई 2017 को उसने एक बेटी को जन्म दिया। शिवाली की हालत बिगड़ने पर वह 23 सितंबर 2017 को काशीपुर लाए और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
उसके बाद से ससुराली उसे वापस नहीं ले गए। 28 फरवरी 2018 को शिवाली के मोबाइल पर उसकी सास का फोन आया। उसने दो लाख रुपये साथ लाने को कहा। महिला हेल्प लाइन में काउंसलिंग के बावजूद ससुराली उसकी पुत्री को साथ रखने के लिए राजी नहीं हुए।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिवाली के पति प्रभात कुमार, जेठ अमित कुमार, सास तारा देवी और ससुर श्याम सुंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।