ऑपरेशन क्रेकडाउन के तहत एसओजी और एडीटीएफ ने आईपीएल मैच में सट्टा लगवा रहे तीन बुकी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 90 हजार रुपये, आठ मोबाइल और 13 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। आरोपियों की दो कारें सीज कर दी गई हैं। एसएसपी ने टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
मंगलवार को पुलिस कार्यालय में एसपी सिटी ममता बोहरा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सोमवार रात एसओजी और एडीटीएफ ने सामिया लेक सिटी में खाली पड़े प्लाट पर छापा मारा। टीम ने ईको स्पोर्ट्स कार और आल्टो कार में बैठकर आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच चले रहे मैच में सट्टा लगवा रहे तीन बुकी को पकड़ लिया, जबकि एक फरार हो गया।
गिरफ्तार उमेश कुमार गुप्ता निवासी वार्ड नंबर चार गदरपुर, मनीष कक्कड़ उर्फ राजा निवासी आवास विकास गदरपुर और राजेंद्र पपोला उर्फ राजा निवसी सिनेमा हाल वाली रोड गदरपुर के कब्जे से 90 हजार रुपये, आठ मोबाइल, 13 एटीएम, एक सट्टा रजिस्टर, दो पेन, एक कैलकुलेटर बरामद हुआ। बरामद मोबाइल में से चार मोबाइल लाइन और बुकी से संबंधित हैं। पुलिस को देखकर लवली खुराना निवासी बराखेड़ा गदरपुर फरार हो गया।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उमेश और लवली सट्टेबाजी के पाटर्नर हैं जबकि राजेंद्र, मनीष रजिस्टरों में हिसाब किताब दर्ज करते हैं। उमेश की एक दिन की सट्टा खिलवाने की लिमिट 20 लाख रुपये तक की है। कोर्ट में पेश कर तीनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चौथे आरोपी की धरपकड़ की जा रही है।
फिर आया विशाल त्रिपाठी उर्फ ओशो का नाम
रुद्रपुर। एसपी सिटी बोहरा ने बताया कि मामले की छानबीन में पता चला कि उमेश और लवली का सितारगंज निवासी विशाल उर्फ ओशो, बहेड़ी निवासी शाहरुख से संपर्क है। सट्टे के रजिस्टर और मोबाइल से इनके बीच लाखों रुपयों के लेनदेन होने की पुष्टि हुई है। बताया कि सोमवार रात आरसीबी और केकेआर के बीच मैच पर दो लाख रुपये का सट्टा लगा होने के प्रमाण मिले हैं। आरोपी पेटीएम, गूगलपे, फोनपे आदि के माध्यम से भी लेनदेन करते हैं। (संवाद)
नकदी भरा बैग लेकर भागा लवली
रुद्रपुर। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि आरोपी लवली सट्टे के रुपयों से भरा बैग लेकर भागा था। बैग में करीब दो लाख रुपये होने की बात कही गई है। आरोपी एप के जरिए लोगों से रुपये लेकर मैच में सट्टा लगवाते थे। (संवाद)
तीन आरोपियों पर दर्ज हैं मुकदमे
रुद्रपुर। एसपी सिटी बोहरा ने बताया कि गिरफ्त में आए तीन आरोपियों में से दो आरोपियों उमेश कुमार गुप्ता, मनीष कक्कड़ के अलावा फरार लवली खुराना के खिलाफ जुआ अधिनियम में मुकदमे दर्ज हैं। उमेश के खिलाफ दो मुकदमे में गदरपुर, एक हल्द्वानी और मनीष के खिलाफ हल्द्वानी में एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा लवली के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है। संवाद