बाजपुर। नगर के एक व्यापारी ने कोतवाली में तहरीर देकर एक बैंक के कर्मचारी सहित चार लोगों पर 41 लाख 71 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला रामभवन निवासी शुभम खत्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका खाता नगर स्थित एचडीएफसी बैंक में है। रुपयों के लेनदेन के चलते उनकी पहचान बैंक कर्मचारी चंद्रगुप्त सरना से हो गई थी। रुपयों की जरूरत पड़ने पर बैंक कर्मचारी ने उनसे रकम उधार मांगी। बैंक कर्मचारी होने के कारण उसने अपने परिजनों के खातों में विभिन्न तिथियों में नेट बैंकिंग के माध्यम से 43 लाख 83 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने अपने माता के बैंक खाते से 10 लाख 12 हजार रुपये वापस भी किए। इसके बाद पीड़ित ने बैंक कर्मचारी को आठ लाख रुपये नकद भी दिए। आरोप है कि बकाया धनराशि 41 लाख 71 हजार रुपये मांगने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए धमकी दी।
सीओ वंदना वर्मा ने बताया तहरीर पर चंद्रगुप्त सरना, जनक रानी सरना, जरनैल सिंह सरना, ज्योति बहल के खिलाफ धारा 406, 420, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई राकेश कठायत को सौंपी है। संवाद