काशीपुर। कूड़े के ढेर में लगी आग से निकली चिंगारी ने एक साथ सात झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। झोपड़ियों में रखा सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं फायर ब्रिगेड एक छोटे और एक बड़े वाहन के अलावा एक पेपर मिल के फायर ब्रिगेड वाहन ने मौके पर पहुंच कर लगभग डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। एसडीएम, नायब तहसीलदार, कानूनगो ने राजस्व कर्मियों की टीम के साथ मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मंगलवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे ग्राम पैगा के कृष्णापुरम कॉलोनी में वीरवती पत्नी स्व. छुट्टन सिंह घर से पास पड़े कूड़े के ढेर में लगी आग की चिंगारी तेज हवा के चलने के कारण उसकी झोपड़ी तक पहुंच गई। देखते-देखते तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और हरज्ञान, गुड्डू व गोविंदा पुत्रगण स्व. छुट्टन सिंह, हरवती पत्नी स्व. जवाहर लाल और सोनू व मोनू पुत्र स्व. जवाहर लाल की झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
लोगों का शोर होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने लगे। साथ ही आग की लपटों में घिरे जानवरों व परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों ने हरज्ञान की भैंस व गुड्डू और सोनू की बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान किसी ने फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
उधर सूचना मिलने पर अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में एक छोटे व एक बड़े वाहन के अलावा बहल पेपर मिल के एक फायर ब्रिगेड वाहन ने मौके पर पहुंच कर लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। वहीं आग लगने से इन लोगों के बिस्तर, कपड़े, राशन, सोने-चांदी के जेवर, नकदी, टीवी, बर्तन समेत तमाम घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान नीलम पत्नी अरविंद ने बताया कि आग से सभी सात लोगों के सारा सामान जल गया। सब कुछ जलकर राख हो गया। उन्होंने प्रशासन से अग्निकांड के पीड़ितों को आर्थिक सहायता के साथ आवश्यक खाद्य सामग्री की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी अग्नि पीड़ितों के लिए अलग स्थान पर रहने की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं घटनास्थल का एसडीएम अभय प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार भुवन चंद्र आर्य, कानूनगो फूल सिंह, पैगा चौकी प्रभारी हरमिंदर सिंह, पटवारी पंकज बिष्ट ने निरीक्षण किया। पटवारी पंकज ने बताया कि अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही जिला मुख्यालय से पीड़ितों के लिए बिस्तर, खाद्य सामग्री आदि की व्यवस्था की जा रही है। वहीं आग बुझाने में फायर ब्रिगेड के लीडिंग फायर मैन खीमानंद, हंस दास, दयाचंद्र, पुष्कर, वीरवल, दीपक कुमार, अभिमन्यु शामिल थे।
काशीपुर के ग्राम पैगा में झोपडिय़ों में लगी आग।- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर के ग्राम पैगा स्थित झोपडिय़ों में लगी आग बुझाते हुए।- फोटो : KASHIPUR