सितारगंज में दुकान से बरामद पटाखों के भंडारण को सील कराते तहसीलदार सुरेश चंद्र बुधलाकोटी।
- फोटो : SITARGANJ
आबादी में पटाखे के अवैध स्टॉक की सूचना पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर दुकान से अवैध पटाखे बरामद किए। दुकान सील कर कागजात दिखाने तक मकान मालिक के सुपुर्द कर दिया। वहीं, एसडीएम ने तहसीलदार को बरामद पटाखों के भंडारण की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
शहर के हाथीखाना मोहल्ले की महिला एकता लूथरा ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि घर के पास किराए की दुकान लेकर एक व्यक्ति ने अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण किया है। पटाखों का स्टॉक नगर के बीचोबीच और स्कूल के पास होने से खतरा है। एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार सुरेश चंद्र बुधलाकोटी राजस्व उप निरीक्षक अनंत शर्मा, त्रिलोचन सुयाल व पुलिस बल के साथ भुल्लर कॉलोनी पहुंचे।
यहां दुकान में छापा मारा तो टीम को दुकान स्वामी पंकज मौके पर नहीं मिला। दुकान स्वामी का भाई प्रशासनिक टीम को पटाखा भंडारण के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर तहसीलदार ने दुकान को सील कर दिया। एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि दुकान से भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण मिला है जिसकी जांच की जा रही है। पटाखों की दुकान सील कर मकान मालिक के सुपुर्द किया गया है। जांच में पटाखों का भंडारण अवैध मिला तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद
उदयराज खेल मैदान में नहीं लगेगा पटाखा बाजार
काशीपुर। दीपावली के समय पटाखा बाजार उदय राज इंटर कालेज खेल मैदान में नहीं लगेगा। प्रशासन पटाखा बाजार के लिए दूसरा स्थान तलाश रहा है। ऐसे स्थान की तलाश की जा रही है जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर हो। प्रशासन ने राम लीला मैदान में पटाखा बाजार लगाने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड से सोमवार तक रिपोर्ट मांगी है।
एसडीएम आकांक्षा वर्मा ने बताया कि पहले उदयराज इंटर कॉलेज मैदान में दीपावली पर पटाखा बाजार लगता था लेकिन इस साल दीपावली के समय कॉलेज की परीक्षाएं चल रही हैं। पटाखा बाजार रामलीला मैदान में लगाने के लिए फायर ब्रिगेड और पुलिस को सोमवार तक रिपोर्ट देने को कहा गया है। रिपोर्ट मिलने पर ही प्रशासन तय करेगा कि पटाखा बाजार रामलीला मैदान में लगेगा या नहीं। एसडीएम ने कहा पुलिस अगर रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगाने पर सहमति नहीं बनती है तो अन्य स्थान पर पटाखा बाजार लगाने पर विचार होगा। संवाद