रुद्रपुर/काशीपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में वर्तमान में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण करीब 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसी तरह 12-14 वर्ष तक के किशोर-किशोरियों का टीकाकरण 86 प्रतिशत और 15-17 वर्ष तक के किशोर-किशोरियों का टीकाकरण 82 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस टीकाकरण अभियान को लक्ष्य के करीब तक पहुंचाने में जिले के विशेष डॉक्टरों, अधिकारियों व कर्मचारियों की महती भूमिका रही। टीम ने लोगों को राहत शिविरों से लेकर कोविड वार्ड तक सुविधाएं मुहैया कराने में संयुक्त व सराहनीय प्रयास किए। यह टीम अभी भी लोगों से कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज व बूस्टर डोज लगवाने की अपील व प्रोत्साहित कर रही है।
- कोरोना टीकाकरण के प्रति जिलेवासियों में जागरूकता बढ़ी है। यही वजह है कि 18 वर्ष अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण का लक्ष्य करीब पूरा हो चुका है जबकि 12-14 व 15-17 आयु वर्ग का टीकाकरण भी अपने लक्ष्य के करीब है। - डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी, सीएमओ।
- ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते किशोर-किशोरियों का टीकाकरण अभियान थोड़ा प्रभावित हुआ था। अब स्कूल खुलने से टीकाकरण अभियान में तेजी आ रही है। टीकाकरण से वंचित लोग भी शीघ्र टीका लगवा लें। - डॉ. तपन शर्मा, जिला नोडल अधिकारी, कोरोना टीकाकरण अभियान।
- कोरोना संक्रमण की रोकथाम में आयुर्वेद की भी महती भूमिका रही। होम आइसोलेट में रह रहे कोरोना संक्रमितों को आयुष किट वितरित की गई थीं। जिससे उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ। टीकाकरण आवश्यक है। - डॉ. आशुतोष पंत, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी।
- आज यदि कोरोना संक्रमण काफी हद तक नियंत्रित हुआ है तो इसकी वजह कोरोना वैक्सीन ही है। कोरोना वैक्सीन के चलते ही कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर पर अंकुश लगा। वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। - दीपा जोशी, टीकाकरण प्रभारी, रुद्रपुर।
- स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी यूपीएचसी व एपीएचसी पर नियमित रूप से टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से सहयोग लिया जा रहा है। स्कूलों में सोमवार से फिर कैंप लगाने की तैयारी की जा रही है। - डॉ. कैमाश राणा, सीएमएस, एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय, काशीपुर।
- सोमवार से क्षेत्र के स्कूलों में टीकाकरण का कैंप लगाकर छूटे बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। कई कंपनी अपने यहां कैंप लगाने के लिए कह रही हैं। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता करके टीकाकरण के कैंप लगाए जाएंगे। - डॉ.अमरजीत साहनी, कोरोना नोडल अधिकारी, काशीपुर।
- कुछ बच्चे किसी न किसी कारण से टीकाकरण से वंचित रह गए थे। हम लोग भी बच्चों को प्रेरित कर रहे हैं कि वह कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य करा लें। इससे उनके साथ अन्य छात्र व घर-परिवार के सदस्य सुरक्षित रहेंगे। - ब्रजेश कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य, उदयराज हिन्दू इंटर कॉलेज, काशीपुर।
- पहले भी हमारी संस्था ने लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया था। आज भी हम लोगों को प्रेरित कर रहे हैं यदि उन्होंने बूस्टर डोज नहीं लगवाई है तो अवश्य लगवा लें। हमारे साथी कई बुजुर्गों को सरकारी अस्पताल लेकर जाकर बूस्टर लगवा रहे हैं। - आकाश गर्ग, जिला संयोजक, स्वामी विवेकानंद हैल्थ मिशन सोसायटी।
डॉ. अमरजीत सिंह सहानी- फोटो : KASHIPUR