काशीपुर। शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 5-12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए कोई भी गाइडलाइन व वैक्सीन नहीं आई है। इसके बावजूद आमजन में इस बात की खुशी है कि यदि बच्चों का टीकाकरण होगा तो वह भी बड़ों के साथ संक्रमण से सुरक्षित हो जाएंगे।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अब 5-12 वर्ष आयु वर्ग तक के बच्चों के लिए वैक्सीन लगाने की केंद्र सरकार की घोषणा से लोगों में खुशी है। कुछ राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन की ओर से 5-12 वर्ष तक के बच्चों के वैक्सीनेशन की कवायद शुरू कर दी गई है। अभी तक राज्य में बच्चों को वैक्सीनेशन के लिए न तो शासन ने और न ही स्वास्थ्य विभाग ने कोई आदेश जारी किया है। इसके बावजूद आमजन को राहत है कि शासन-प्रशासन जल्द बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू करेगा क्योंकि अधिकतर बच्चे स्कूल जाने लगे हैं। ऐसे में बच्चे कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन नहीं कर पाएंगे। बच्चों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण जरूरी हो गया है।
उधर बीईओ आरएस नेगी ने बताया कि अभी तक वैक्सीनेशन के लिए मुख्यालय से 5-12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का किसी भी प्रकार का डाटा नहीं मांगा गया है। अभी स्कूलों में 12-14 वर्ष आयु वर्ग के अलावा 15 प्लस, 18 प्लस बच्चों का टीकाकरण कार्य चल रहा है। वर्तमान में छोटे बच्चे भी स्कूल जाने लगे हैं और उनमें कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराना संभव नहीं है। ऐसे में जरूरी हो गया है कि जल्द बच्चों में वैक्सीनेशन कराया जाए।
एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. कैमाश राणा ने बताया कि मुख्यालय से अभी तक बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए पत्राचार नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12-14 वर्ष आयु वर्ग के अलावा 15 प्लस, 18प् लस, 45 प्लस, 60 प्लस के अलावा 60 प्लस को बूस्टर डोज लगाई जा रही है। यदि शासन-प्रशासन की ओर से बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए कोई गाइडलाइन आती है तो उसका पालन कराया जाएगा।