रुद्रपुर। जिले में 368 लोगों कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की मुखिया सीएमओ डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी और उनके पुत्र की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वे खटीमा स्थित अपने आवास पर होम आइसोलेट हैं।
काशीपुर में सबसे अधिक 112 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, जबकि गदरपुर में 50, रुद्रपुर में 48, बाजपुर में 48, किच्छा में 37, सितारगंज में 35 और जसपुर में 65 लोग संक्रमित मिले।
इधर, शुक्रवार को जिलेभर में 1974 लोगों की सैंपलिंग की गई। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. तपन शर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों से कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन करने की अपील की जा रही है।
केंद्रीय कारागार के अफसर, कर्मियों को लगाई बूस्टर डोज
सितारगंज। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अब फ्रंटलाइन वर्करों को बूस्टर डोज लगानी शुरू कर दी है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम संपूर्णानंद शिविर और केंद्रीय कारागार पहुंची। यहां टीम ने 30 अधिकारी व कर्मचारियों को बूस्टर डोज के रूप कोविशील्ड टीके लगाए। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने बताया कि कारागार के करीब 646 बंदियों को कोविड-19 से बचाव के लिए दूसरी डोज लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि आरटीपीसीआर की रिपोर्ट में शनिवार को फिर करीब 30 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। बताया कि वर्तमान में 60 संक्रमित स्वस्थ्य हो गए हैं और करीब 190 संक्रमित अभी सक्रिय हैं। उन्होंने आमजन से एहतियात बरने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क पहनने व सैनिटाइज का प्रयोग करने की अपील की। संवाद
बैंककर्मियों सहित 65 कोरोना पॉजिटिव मिले
जसपुर। क्षेत्र में शनिवार को चार बैंककर्मियों सहित 65 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। कोरोना प्रभारी डॉ. शाहरुख ने बताया कि सुभाष चौक के निकट एक बैंक के चार कर्मी, ब्लॉक के वीडीओ, सऊदी अरब से नगर में लौटा एक व्यक्ति सहित 65 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सभी को होम आइसोलेट कर उनका उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें सभी बैंक कर्मियों, पुलिसकर्मियों, प्रदेश के अमियावाला, धर्मपुर, नादेही बॉर्डर पर लोगों की कोरोना जांच कर रही हैं।