सितारगंज में बैगुल नदी पर निर्माणाधीन पुल की ढही दीवार।
- फोटो : SITARGANJ
बैगुल नदी में आई बाढ़ से नदी का रुख बदल गया। पानी के तेज बहाव से निर्माणाधीन पुल की रोड एप्रोच दीवार ध्वस्त कर दी। विधायक सौरभ बहुगुणा ने मौका मुआयना कर अधिकारियों को ध्वस्त दीवार बनाने के निर्देश दिए।
गौरतलब हो कि सिडकुल से शक्तिफार्म को जोड़ने के लिए वर्ल्ड बैंक की मदद से करीब 10 करोड़ 39 लाख से करीब 180 मीटर पुल का निर्माण हो रहा है। शनिवार को बैगुल नदी के उफनाने से निर्माणाधीन पुल के आगे बनी करीब 20 मीटर एप्रोच दीवार ढह गई, जबकि उससे आगे 20 मीटर से अधिक दीवार गिरने के कगार पर है। विधायक सौरभ बहुगुणा ने एसडीएम तुषार सैनी और सिंचाई और वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों के साथ पुल का निरीक्षण किया।
बंदोबस्त के राजस्व उपनिरीक्षक अमित सक्सेना ने बताया कि बैगुल नदी में आई भीषण बाढ़ से नदी ने रुख बदल दिया। इससे रोड अप्रोच दीवार के नीचे कटाव हो गया और दीवार ढह गई। विधायक ने अधिकारियों को कटाव रोकने के साथ ही ढही दीवार का तत्काल निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डीएम रंजना राजगुरु से वार्ता कर नदी में तत्काल रीवर ट्रेनिंग के तहत काम कराने की मांग की। वहां लोनिवि के अधिशासी अभियंता पूरन चंद्र जोशी आदि थे।
सितारगंज जेलकैंप में निर्माणाधीन बैगुल पुल की ढही रोड एप्रोच दीवार का निरीक्षण करते विधायक सौरभ- फोटो : SITARGANJ