जिला अस्पताल में हंगामा कर रहे मरीजों को समझाता पीआरडी जवान।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी मरीजों के लिए मुसीबत बन गई है। शनिवार को घंटों से ओपीडी की लंबी लाइन में खड़े मरीज नंबर न आने पर भड़क गए जबकि कई मरीज बगैर जांच के ही लौट गए। ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।
रुद्रपुर जिला अस्पताल में जिले भर के साथ ही यूपी के बिलासपुर, बदायूं व रामपुर से कई मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां प्रतिदिन औसतन ओपीडी एक हजार है। वर्तमान में बढ़ती गर्मी के चलते जिला अस्पताल में डिहाईड्रेशन समेत विभिन्न रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है लेकिन मरीजों की संख्या के हिसाब से डॉक्टरों की कमी है। शनिवार सुबह से ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड समेत फिजिशयन की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। घंटों बाद भी ओपीडी में नंबर न आने पर कई मरीज थक कर जमीन पर बैठ गए। दोपहर तक नंबर न आने पर कई मरीजों का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने ओपीडी की लाइन में हंगामा करना शुरू कर दिया। कई मरीजों ने लाइन खड़े होकर ही अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा करना शुरू कर दिया। मरीजों को समझाने का प्रयास कर रहे पीआरडी जवानों के साथ ही नोकझोंक हुई। ओपीडी में नंबर न आने से कई मरीज बगैर स्वास्थ्य जांच के लिए लौट गए। इधर, सीएमओ ने कहा कि जिला अस्पताल में नए डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों के 20 पद रिक्त
पद - रिक्त
पीएमएस- 01 - 00
स्त्रीरोग विशेषज्ञ- 03 -01
जनरल सर्जन- 02- 01
आर्थोपेडिक सर्जन- 01-00
फिजिशियन- 02- 01
मनोरोग विशेषज्ञ- 01-01
रेडियोलॉजिस्ट-01- 00
चर्मरोग विशेषज्ञ- 01-01
एनेस्थेटिस्ट- 10-00
बाल रोग विशेषज्ञ- 03- 01
नेत्र रोग विशेषज्ञ-01-00
ईएनटी सर्जन-01-00
पैथोलॉजिस्ट-02-02
फोरेंसिक- 01-01
माइक्रो बायोलॉजी-01-01
अन्य विशेषज्ञ (आयुष)-02-02
चिकित्साधिकारी-12-08