निर्माणाधीन बाईपास मार्ग पर गूलरभोज रोड पर बनने वाले अंडरपास के निर्माण की अड़चनें दूर नहीं हो रही है। निर्माण के लिए अधिगृहितत जमीन के मालिकों ने शेष मुआवजा मिलने पर ही अंडरपास का निर्माण होने देने की बात की है।
बुधवार को एनएचएआई की कार्यदाई संस्था गल्फार के डीजीएम योगेश पांडे की देखरेख में अंडरपास के निर्माण के लिए मशीनें और श्रमिक पहुंचे थे। इसी बीच शास्त्रीफार्म निवासी राजेंद्र कुमार शर्मा, नरेश शर्मा, अनिल कुमार एवं अजीत शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया।
एसओ सतीश चंद कापड़ी भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। नरेश शर्मा का कहना था कि बाईपास निर्माण के लिए अधिकृत की गई भूमि का जब तक शेष मुआवजा नहीं मिल जाता है तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट एवं एनएचएआई के डिप्टी प्रोजेक्ट इंजीनियर अक्षत कुमार ने नरेश शर्मा और अन्य लोगों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद मुआवजे के मामले में एसएलओ ऑफिस जाकर वार्ता करने पर सहमति जताई गई। उसके बाद टीम लौट गई।
इधर, एडवोकेट धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2013 से अपनी भूमि को खाली छोड़ा है। एनएचएआई की ओर से पूर्व में चौराहे का निर्माण किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए उनकी अतिरिक्त भूमि भी अधिग्रहण की गई है, जिसका मुआवजा नहीं मिला है। उन्हें वर्तमान सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा नहीं मिल तो वह निर्माण नहीं होने देंगे।
अंडरपास से पांच दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
गदरपुर। गूलरभोज रोड पर अंडरपास का निर्माण होने से सुखशांतिनगर, महावीरनगर, गोपालनगर, आदर्शनगर, नारायणपुर, रोशनपुर, गिरधरनगर, हेमपुर, विक्रमनगर, बिशनपुर सहित पांच दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही गूलरभोज में पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जा रहे हरीपुरा और बौर जलाशय को जाने वाले पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पर्यटकों को यातायात के अनावश्यक दबाव से मुक्ति मिलेगी और सफर भी सुगम होगा। अगर अंडरपास नहीं बनता है और चौराहे का निर्माण किया जाता है तो आए दिन मार्ग दुर्घटना होने की संभावना बढ़ेगी। करीब 8 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग पर चार स्थानों पर अंडरपास का निर्माण होना प्रस्तावित है। जिसमें चुनपुरी और सरदा नगर में अंडरपास का निर्माण हो चुका है, जबकि गूलरभोज रोड एवं दिनेशपुर रोड पर अंडरपास का निर्माण होना प्रस्तावित है। अंडर पास बनने से लिंक मार्गो को सर्विस लेन से जोड़ा जाएगा, जहां से क्षेत्रीय जनता और किसानों को निर्बाध रूप से आवागमन करने में आसानी होगी। (संवाद)