जिला युवा कल्याण विभाग की पहल पर नरेंद्रनगर ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव में छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने शानदार प्रस्तुति दी। लोकनृत्य में पिपलेथ महिला मंगल दल, लोकगीत में शीशमझाड़ी और एकांकी में जीआईसी फकोट विजेता बना।
रविवार को फकोट ब्लॉक सभागार में आयोजित युवा महोत्सव का ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने शुभारंभ किया। ब्लॉक प्रमुख भंडारी ने कहा कि सरकार सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए इस तरह के प्रयास कर रही हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी तिवारी ने बताया कि लोक नृत्य में महिला मंगल दल पिपलेथ प्रथम, तपोवन द्वितीय और शिशु मंदिर नरेंद्रनगर तृतीय रहा। लोकगीत में शीशमझाड़ी प्रथम, युवक मंगल दल गैंडी के प्रवीन कोहली द्वितीय और शिशु मंदिर तृतीय रहा। एकांकी में जीआईसी फकोट ने बाजी मारी। प्रधान संगठन के अध्यक्ष धन सिंह सजवाण ने लोक गीत की विजेता टीम शीशमझाड़ी के प्रतिभागियों को 11 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में अंजली जेठूड़ी, बीपी पांडेय, एसके बिष्ट शामिल रहे। इस मौके पर बीडीसी सदस्य माही सुरियाल, सिद्धार्थ, अरण्य रंजन आदि मौजूद रहे।