नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) की ओर से जिले के सभी नौ ब्लॉक में 30 दिन तक चलने वाला स्वच्छता मिशन अभियान शुरू हो गया है। अभियान के दौरान प्रत्येक ब्लॉक से पांच सौ किलो प्लास्टिक एकत्रित कर इसे रिसाइकिल किया जाएगा।
सुमन पार्क में चंबा की ब्लॉक प्रमुख शिवानी बिष्ट ने स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र के कर्मियों के साथ मिलकर पार्क में सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक एकत्रित किया। कहा कि सभी को मिलकर प्लास्टिक से दूरी बनाकर पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी अविनाश सिंह, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अरुण उनियाल ने बताया कि 30 दिन तक जिलेभर के सभी ब्लॉकों में 30 अक्तूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर मानवेंद्र बिष्ट, मोहन रावत, सूरज जोशी, हरिकृष्ण नौटियाल, रीना रतूड़ी, स्वाति मल्ल, रीतिका डोभाल, स्मिता रावत, रिजवाना खातून और महेश खाती आदि मौजूद थे।