सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त होने और सड़क के बीच-बीच में गड्ढे बने हैं परेशानी की सबब
कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के नगुण पट्टी के गांवों को जोड़ने वाली लालूरी-मंजखेत सड़क स्थानीय लोगों के लिए सुविधा कम मुसीबत अधिक बन गई है। 2012 में बनी सड़क डामरीकरण के अभाव में खस्ताहाल बनी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बनने से आए दिन दुपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। सुरक्षा दीवार भी जगह-जगह टूटी है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
नगुण पट्टी के लालूरी, कोटी, महरूकी, मंजखेत गांव को यातायात से जोड़ने के लिए वर्ष 2012 में लालूरी से मंजखेत तक आठ किमी सड़क का निर्माण किया गया था। निर्माण के बाद एक ही बार सड़क का डमरीकरण हुआ है, जो अब पूरी तरह से उखड़ गया है। सड़क के बीच-बीच में गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
मंजखेत के प्रधान रविंद्र सिंह राणा का कहना है कि गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों की परेशानी अधिक बढ़ जाती है। रात के समय सड़क पर रोशनी की उचित व्यवस्था नहीं है। वाहनों की लाइटों में गड्ढे स्पष्ट दिखाई नहीं देते हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालक आए दिन गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
बारिश से सात और आठ किमी में कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई गई थी। क्षतिग्रस्त दीवारों और पुश्तों की मरम्मत नहीं होने से सड़क संकरी हो गई है। त्रैपन सिंह, प्रताप सिंह महर ने बताया कि सड़क का डामरीकरण और मरम्मत करने को लेकर वे पिछले दो-तीन साल से शासन-प्राासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था लोनिवि उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है।
लालूरी-मंजखेत सड़क का डामरीकरण करने और दीवार निर्माण करने का प्रस्ताव बनाकर जल्द शासन को भेजा जाएगा। गड्ढे में पैचवर्क का कार्य किया जाएगा। -जगदीश खाती, ईई, लोनिवि चंबा