राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी नैखरी को श्रीदेव सुमन विवि का कैंपस कॉलेज बनाने की शासन स्तर पर कवायद शुरू हो गई। महाविद्यालय में सुविधाएं बढ़ाने के लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है। विज्ञान भवन निर्माण करने के लिए शासन से 3 करोड़ 77 लाख की स्वीकृति मिल गई है, जिससे अब उम्मीद है कि महाविद्यालय में सुविधाएं बढे़ंगी। डीपीआर के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 1 करोड़ 50 लाख 90 हजार की धनराशि शासन ने जारी कर दी है।
जन आशीर्वाद यात्रा के तहत 11 सितंबर को नई टिहरी के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की मांग पर राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी नैखरी को श्रीदेव सुमन विवि का कैंपस कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा के बाद कैंपस कॉलेज के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 23 सितंबर को अपर सचिव एमएम सेमवाल की ओर से जारी शासनादेश में बताया गया है कि चंद्रबदनी नैखरी महाविद्यालय में विज्ञान भवन निर्माण के लिए शासन से 3 करोड़ 77 लाख की स्वीकृति मिल चुकी है। इसमें सिविल कार्य के लिए 3 करोड़ 59 लाख 34 हजार और अन्य कार्यों के लिए 17.91 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। विधायक कंडारी ने बताया कि विज्ञान भवन बनने के अलावा महाविद्यालय में अन्य सुविधाएं बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उच्च शिक्षा के लिए देहरादून, हरिद्वार जाने वालों को स्थानीय स्तर पर भी पारंपरिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की शिक्षा मिलेगी।