चंबा (टिहरी)। रानीचौरी परिसर की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर रानीचौरी परिसर बचाओ संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने औद्यानिकी एवं वानिकी विवि भरसार के कुलपति को ज्ञापन भेजा। कहा कि रानीचौरी परिसर में यूजी व पीजी स्तर पर नए कोर्स शुरू कराने, परिसर में स्थानीय बेरोजगारों को नियुक्ति देने और शोध कार्यों को बढ़ावा देने की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती तो परिसर में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
रानीचौरी परिसर बचाओ संघर्ष समिति के संरक्षक हर्षमणि बहुगुणा ने कहा कि परिसर में इस सत्र से पीजी स्तर पर कृषि और औद्यानिकी विषय संचालित करने और बेरोजगार युवाओं को योग्यता के आधार पर उपनल की जगह स्थायी नियुक्ति देने की मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। समिति के सुशील कुमार बहुगुणा ने आरोप लगाया कि विवि प्रशासन अपने चहेतों को गुपचुप ढंग से नियुक्ति दे रहा है। इस तरह स्थानीय बेरोजगारों के भविष्य के साथ छलावा किया जा रहा है। उन्होंने गुपचुप दी गई नियुक्तियां जल्द निरस्त की मांग उठाई। ज्ञापन पर विनोद बहुगुणा, चमन कोठारी और उत्तम नेगी आदि के हस्ताक्षर हैं।