क्षेत्र पंचायत नरेंद्रनगर की बैठक में सदस्यों ने लोनिवि, पेयजल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, मनरेगा समेत कई समस्याओं के निराकरण की मांग की। इस दौरान कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई जानी वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण होना चाहिए।
ब्लॉक मुख्यालय फकोट में प्रमुख राजेंद्र भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार के साथ मिलकर जनहित के कार्यों को करवाने चाहिए। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य किशोर कंडारी ने कहा कि दिउली-कुसरेका, हिंडोलाखाल-नीर मार्ग पर आपदा के कारण कई स्थानों पर मलबा आया है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। मकान सिंह ने गुमालगांव, प्रधान वंदना कंडारी ने ववाणी, आशीष रणाकोटी ने नैल मार्ग की समस्या से अवगत कराया। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण के कार्य जल्द शुरू करवाने, आपदा से क्षतिग्रस्त विभिन्न योजनाओं का पुनर्निर्माण, राशन दुकान खोलने की नई दुकानें के प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति देने, स्वास्थ्य, बिजली, उद्यान, कृषि, पंचायत राज, मनरेगा समेत अन्य समस्याएं भी सदस्यों ने उठाईं। सीडीओ नमामी बंसल ने अधिकारियों को समस्याओं के निर्धारित समय पर समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर पीडी डीआरडीए आनंद सिंह भाकुनी, डीडीओ सुनील कुमार और सीएमओ डा. संजय जैन आदि मौजूद थे।