भिलंगना ब्लाक के सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाली विनयखाल-गेंवाली सड़क छह माह से बाधित पड़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों को सात किमी पैदल नापना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीएम को दिए ज्ञापन में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सड़क का मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।
प्रधान किशन दास और बचन सिंह रावत ने बताया कि सड़क जगह-जगह आपदा से क्षतिग्रस्त पड़ी हुई है, जिससे गेंवाली के ग्रामीण छह माह से सात किमी पैदल नापकर किसी तरह आवागमन कर रहे हैं। गांव में किसी के बीमार होने पर तो ग्रामीणों को ज्यादा ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अब विधानसभा चुनाव भी नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में सड़क नहीं खुलती है तो पोलिंग पार्टियों को गांव तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ग्रामीणों और पोलिंग पार्टियों को होने वाली समस्याओं को देखते हुए सड़क की मरम्मत करने की मांग की है।