वर्षों से सड़क के अभाव में कई किमी पैदल चल रहे प्रतापनगर क्षेत्र के पांच गांवों के ग्रामीणों को जल्द ही मोटर मार्ग की सुविधा मिल जाएगी। सरकार ने पांच मोटर मार्गों के निर्माण के लिए दो करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। सरकार ने लोनिवि को तत्काल मार्ग संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य करवाने के निर्देश दिए।
प्रतापनगर के जंद्रवाडा, अनुसूचित जाति बस्ती कफलोग, सारपुल, बनाली, डोडग-थापला के ग्रामीण वर्षों से सड़क के अभाव में कई किमी पैदल चलने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों की मांग पर अब क्षेत्रीय विधायक विजय सिंह पंवार के प्रयास से गांव को सड़क से जोड़ने के लिए मार्ग स्वीकृत हो गए हैं। 10 अगस्त को लोनिवि के संयुक्त श्याम सिंह की ओर से जारी आदेश में घोंटी पुल से जंद्रवाड़ा चार किमी, कफलोग अनुसूचित जाति बस्ती से तोणधार चार किमी, स्यालगी-डोडग-थापला तीन किमी, प्रतापनगर-बनाली तीन किमी और सारपुल गांव तक पौने एक किमी सड़क की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी है। पांचों सड़कों के निर्माण पर दो करोड़ 60 लाख 92 हजार रुपये खर्च होंगे।
कीर्तिनगर और देवप्रयाग के तीन मार्गों को मिली मंजूरी
श्रीनगर। सरकार की ओर से ब्लाक कीर्तिनगर और देवप्रयाग के तीन मार्गों के निर्माण की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। विधान सभा क्षेत्र देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत थापला गहड़ से खडोली तल्ली मल्ली पांच किमी मार्ग के लिए 132.31 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही नौला सिल्ला बड़कोट हाुेते हुए कुनड़ी तक पांच किमी मार्ग पर 111.41 लाख खर्च किए जाएंगे। जबकि कीर्तिनगर ब्लाक के डांगधारी मार्ग से सारकेणा तक भी 136.05 लाख की लागत से पांच किमी मार्ग का निर्माण करवाया जाएगा। संवाद