स्यांसू-गढ़वालगाड़ मार्ग निर्माण पर एक करोड़ खर्च होने के बावजूद गोदड़ी, क्यार्की और गढ़वालगाड़ के लोग सड़क से वंचित है। लोनिवि ने स्यांसू से भैंगा तक छह किमी सड़क आधी अधूरी छोड़ दी। अब शेष छह किमी सड़क निर्माण पूरा करने के लिए लोनिवि को एक करोड़ 47 लाख बजट की दरकार है।
टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर ब्लॉक के गोदड़ी, क्यार्की और गढ़वालगाड़ के लोगों को यातायात मुहैया कराने के लिए सरकार ने 2006 में स्यांसू-गढ़वालगाड़ 12 किमी सड़क को मंजूरी दी थी। कार्यदायी संस्था लोनिवि को सड़क निर्माण पूरा करने के लिए एक करोड़ 50 लाख की धनराशि जारी की गई थी। लंबे इंतजार के बाद लोनिवि ने वर्ष 2010 में स्यांसू से भैंगा तक छह किमी सड़क निर्माण कर आगे का काम छोड़ दिया था। आधा-अधूरी सड़क निर्माण होने से गोदड़ी, क्यार्की, गढ़वालगाड़ के लोगों को सड़क का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गैरी-बेथाणा-कोरदी मार्ग से आवागमन करने के लिए ग्रामीणों को अपने गांव तक पहुंचने के लिए 12 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। यदि स्यंायू-गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग निर्माण पूरा हो जाता है, तो गोदड़ी, क्यार्की और गढ़वालगाड़ के लोग छह किमी दूरी तय कर आसानी से गांव पहुंच जाएंगे।
स्यांयू-गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग के शेष छह किमी सड़क निर्माण पूरा करने के लिए शासन को एक करोड़ 47 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-केएस नेगी, ईई, लोनिवि प्रांतीय खंड टिहरी