पीजी कालेज नई टिहरी में गणित विभाग की ओर से विभागीय परिषद का गठन कर छात्र-छात्राओं के बीच (मैथ इन नेचर) विषय पर मॉडल प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें स्नातक के छात्रों ने अपने मॉडल प्रदर्शित किए। मॉडल प्रदर्शनी में रविंद्र चौधरी प्रथम, बबीता द्वितीय और शिवानी तृतीय स्थान पर रही।
सोमवार को पीजी कालेज में गणित विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा बबीता ने जहां डोबरा चांठी पुल के माध्यम से त्रिकोणमिति के उन्नयन एवं अवनवन कोणों को समझाया, वहीं स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा शिवानी ने अपने मॉडल द्वारा अवकलन और समाकलन को दर्शाया। स्नातक तृतीय वर्ष के छात्र रविंद्र चौधरी ने अनानास पर बनाए गए मॉडल से टेसिलेशन एवं फिबोनाची सीरीज को समझाने का प्रयास किया। स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र हिमांशु ने भी गणित को प्रकृति में समझने के लिए एक गोभी की सहायता से फैक्टरल को समझाया। संचालन डा. माधुरी कोहली ने किया। इस मौके पर विभागाध्यक्ष डा. संदीप बहुगुणा, प्राचार्य डा. रेनू नेगी, दिनेश चंद्र पांडेय, सुभाष नौटियाल, डा. गुरूपद गुसाईं, अजय बहुगुणा, बीडीएस नेगी और नवीन रावत आदि मौजूद थे।