भिलंगना ब्लॉक के जमोना और जंदरूवाली गांव के सड़क से जुड़ने की उम्मीद जग गई है। सरकार ने करीब डेढ़ करोड़ की लागत से पांच किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति दे दी है, जिससे अब ग्रामीणों को चार किमी पैदल चलने से निजात मिल मिलेगी।
भिलंगना ब्लॉक के भिलंग और ग्यारहगांव पट्टी के दर्जनों गांव को जोड़ने के लिए वर्ष 1994-95 में मैगाधार-भेटी-पोखार-जमोना 11 किमी मार्ग स्वीकृत हुआ था। लोनिवि घनसाली ने मैगाधार से भेटी तक करीब पांच किमी सड़क का निर्माण कर दिया है, लेकिन वनभूमि हस्तांतरण की स्वीकृति न मिलने के कारण इससे आगे सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में जमोना, जंदरूवाली गांव की पांच सौ की आबादी चार से पांच किमी पैदल चलने के लिए मजबूर है। साथ ही भिलंग और ग्यारहगांव पट्टी की 20 हजार की आबादी को एक-दूसरे के गांव में जाने के लिए 40 से 50 किमी का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह के प्रयास से पांच किमी मार्ग के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। सड़क के निर्माण पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी।
कोट
मुख्यमंत्री ने पांच किमी सड़क निर्माण को स्वीकृति दे दी है। एक-दो दिन में स्वीकृत सड़क का शासनादेश जारी हो जाएगा। आदेश जारी होते ही निर्माण कार्य संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जाएगी। - डीसी नौटियाल, ईई लोनिवि घनसाली।